18 अप्रैल 2020 - 14:17
अब फ़ॉक्स न्यूज़ ने भी दावा किया कि कोरोना वूहान के एक लैब से लीक हुआ है

अमरीका के एक टीवी चैनल ने दावा किया है कि पूरी दुनिया में फैला हुआ घातक वायरस कोरोना, चीन से लीक हुआ है।

अमरीका के फ़ॉक्स न्यूज़ चैनल ने अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया है कि कोरोना वायरस चीन के वूहान इंस्टीट्यूट ऑफ़ वायरोलॉजी की एक इंटर्न द्वारा ग़लती से लीक हो गया होगा था। फ़ॉक्स न्यूज़ ने अपनी एक विशेष रिपोर्ट में कहा है कि कोरोना, चमगादड़ों के बीच स्वाभाविक रूप से पैदा होने वाला कोई जैविक हथियार नहीं है बल्कि एक वायरस है, जिसका वुहान प्रयोगशाला में अध्ययन किया जा रहा था। चैनल ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि वायरस का सबसे पहला ट्रांसमिशन चमगादड़ से इंसान में हुआ और इसकी पहली संक्रमित रोगी इसी लैब में काम करने वाली एक इंटर्न कर्मचारी थी।

 

वुहान शहर में आम लोगों में यह वायरस फैलने से पहले लैब की एक इंटर्न महिला कर्मचारी ग़लती से संक्रमित हो गई। इसके बाद वुहान के बाज़ार में यह वायरस फैल गया। फ़ॉक्स न्यूज़ ने कई सूत्रों का हवाला देते हुए कहा है कि चीन यह दिखाने के लिए वायरस पर स्टडी कर रहा था कि किसी वायरस को पहचानने या उससे लड़ने में वह अमरीका के बराबर या उससे ज़्यादा सक्षम है। चैनल ने कहा कि चीन ने इस महामारी पर पर्दा डालने की कोशिश की और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी चीन का साथ दिया।